बैतूल में तपती गर्मी का प्रकोप,
पारा 42.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा
बैतूल में आज शुक्रवार को गर्मी का अब तक का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया। पहले की अपेक्षा आज तापमान में ढाई डिग्री की बढ़ोतरी के साथ पारा 42.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जिससे पूरे दिन भीषण गर्मी का अहसास हुआ। इससे पहले, 7 और 14 मई को पारा 41.2 डिग्री पर था, लेकिन आज तापमान में और भी अधिक वृद्धि देखी गई।
दिनभर की तपिश ने किया बेहाल
आज सुबह से ही लोग सूरज की तेज तपन का अनुभव करने लगे थे। दिन चढ़ते-चढ़ते धूप की चुभन और बढ़ गई। दोपहर में तापमान इतना बढ़ गया कि लोग बाहर निकलने से कतराने लगे। शहर की अधिकांश सड़कें सूनी हो गईं और केवल जरूरी कामकाजी लोग ही बाहर नजर आए। लोग अपने घरों में कूलर, पंखों के सहारे ठंडक में आराम करते दिखाई दे रहे थे। लोगों ने बताया कि दोपहर के समय तो कूलर और पंखों भी गर्म हवा देने लगे थे।
तापमान में निरंतर वृद्धि
गुरुवार को तापमान 41 डिग्री था, जो शुक्रवार को बढ़कर 42.4 डिग्री पर पहुंच गया। बुधवार को यह 39.7 डिग्री था। शनिवार 25 मई से नौतपे की शुरूआत होने वाली है। ऐसे में अंदाजा लगाया जा रहा है कि नौतपा में गर्मी कही जीना मुहाल न कर दे। वही दूसरी तरफ लोग यह भी कह रहे है कि नौतपे के दौरान कई बार बदलते मौसम के कारण बारिश की भी संभावना भी बनी रहती है। फिलहाल लोग इस भीषण गर्मी से परेशान हो रहे है। आने वाले दिनों में मौसम के परिवर्तन पर सबकी निगाहें टिकी हुई है।
0 टिप्पणियाँ