जल स्त्रोतों के संरक्षण एवं पुर्नजीवन को लेकर
नगर पालिका परिषद में जल सम्मेलन का हुआ आयोजन
सारनी। नगर पालिका परिषद में जल सम्मेलन का आयोजन करते हुए।नगर पालिका परिषद सारनी द्वारा आयोजित यह जल सम्मेलन जल संरक्षण और पुनर्जीवन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस अभियान के माध्यम से न केवल जल स्त्रोतों की सफाई और अतिक्रमण मुक्त करने का काम किया जाएगा, बल्कि नागरिकों को भी जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाएगा। इस प्रकार के प्रयास न केवल वर्तमान के लिए बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी जल सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे।सारनी में जल स्त्रोतों की सफाई और संरक्षण के लिए विशेष अभियान 16 जून तक चलेगा।
सारनी, मध्यप्रदेश। नगर पालिका परिषद सारनी में 6 जून 2024 को जल स्त्रोतों के संरक्षण एवं पुर्नजीवन के उद्देश्य से एक जल सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस सम्मेलन में नगर पालिका के विभिन्न अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया। जल सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य नगर पालिका क्षेत्र के सभी जल स्त्रोतों, जैसे नदी, तालाब, कुओं और बावड़ी का संरक्षण और पुनर्जीवन करना है।
अभियान की शुरुआत कुओं की सफाई से
अभियान के तहत शुक्रवार 7 जून 2024 को सुबह 7.30 बजे वार्ड 10 के छोटा मठारदेव बाबा मंदिर प्रांंगण में स्थित पंप हाउस के कुओं की साफ-सफाई की जाएगी। इसके साथ ही निकाय क्षेत्रों के अन्य जल स्त्रोतों की भी सफाई की जाएगी।
जल सम्मेलन का आयोजन
जल सम्मेलन का आयोजन नगर पालिका सभाकक्ष में दोपहर 1 बजे शुरू हुआ। इस सम्मेलन में प्रमुख रूप से मुख्य नगर पालिका अधिकारी सी. के. मेश्राम, नगर पालिका अध्यक्ष किशोर बरदे, उपाध्यक्ष जगदीश पवार, विधायक प्रतिनिधि रंजीत सिंह सहित अन्य प्रमुख जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। सम्मेलन में जल संरचनाओं के संरक्षण एवं पुर्नजीवन के लिए अभियान चलाने की जानकारी दी गई। इस मौके पर पार्षद दशरथ सिंह जाट, भीम बहादुर थापा, नेता प्रतिपक्ष आनंद पिंटिश नागले, योगेश बर्डे, गणेश महस्की, प्रवीण सोनी, जफर अंसारी, आकाश पंद्राम, बेबी बिंझाड़े, संगीता मनीष धोटे सहित अन्य लोग माैैजूद थे।
नोडल अधिकारी ने दी जानकारी
जल संरचनाओं के संरक्षण एवं पुर्नजीवन अभियान के नोडल अधिकारी कमलेश पटेल ने अभियान के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। इसके बाद, राजस्थान के जलपुरुष राजेंद्र सिंह द्वारा चलाए गए अभियानों की शॉर्ट फिल्में प्रोजेक्टर के माध्यम से दिखाई गई। साथ ही, रेन वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने की जानकारी भी वीडियो के माध्यम से प्रसारित की गई।
जल संरक्षण है सबकी जिम्मेदारी
नगर पालिका अध्यक्ष किशोर बरदे ने अपने संबोधन में जल संरक्षण को सभी की व्यक्तिगत जिम्मेदारी बताया। उन्होंने कहा कि हमें प्रत्येक नागरिक को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करना होगा और इसके लिए अभियान को सतत जारी रखना होगा। उन्होंने कहा कि निकाय क्षेत्र की सभी जल संरचनाओं और जल स्त्रोतों का संरक्षण और पुनर्जीवन किया जाएगा।
अभियान के तहत होगा घर-घर सर्वे
अभियान के तहत नियुक्त किए गए वार्ड प्रभारी अपने वार्डों में जाकर घर-घर सर्वे करेंगे। इस सर्वे में जलावर्धन योजना का पानी अगर बेकार बहता मिला तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी। नलों में टोंटी लगाना और मीटर को सुरक्षित रखना अनिवार्य होगा। कनेक्शन में मोटर पंप लगा मिलने पर जुर्माना किया जाएगा।
पानी के अपव्यय पर होगी कार्रवाई
जलावर्धन योजना के पानी को व्यर्थ न बहने दे, पहली बार समझाईश दी जायेगी, लेकिन इसके बाद भी पानी बहता मिला तो सख्ती से कार्यवाही जाएगी और जुर्माना लगाया जा सकता है। साथ ही नल कनेक्शन भी विच्छेद किया जा सकता है। इस जल सम्मेलन में नगर पालिका के सभी अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, और आम नागरिक उपस्थित थे। सभी ने जल संरक्षण और पुनर्जीवन के इस महत्वपूर्ण अभियान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की और इसे सफल बनाने के लिए संकल्प लिया।
0 टिप्पणियाँ