मध्यप्रदेश का मौसम: कही तेज धूप तो कही आंधी-बारिश
मध्यप्रदेश में शुक्रवार को मौसम के दो विपरीत रंग देखने को मिल सकते है। वही राजधानी भोपाल में सुबह हल्की बूंदाबांदी हुई, जबकि इंदौर समेत 37 जिलों में कहीं आंधी-गरज चमक की स्थिति बन सकती है, तो कहीं बारिश भी हो सकती है। ग्वालियर, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, रीवा, मऊगंज और सीधी जैसे जिलों में दोपहर तक तेज गर्मी और शाम को आंधी चलने की संभावना जताई जा रही है। बीते गुरुवार को मौसम का ऐसा ही मिश्रित प्रभाव देखने को मिला है।
मध्यप्रदेश में मौसम का यह परिवर्तनशील दौर अगले कुछ दिनों तक जारी रह सकता है। मौसम जानकारों की मानें तो आने वाले दिनों में भी प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में आंधी-बारिश और गर्मी का प्रभाव देखने को मिल सकता है। यह समय प्रदेशवासियों के लिए सतर्कता और सावधानी का है, खासकर उन क्षेत्रों में जहां आंधी और बारिश की संभावना अधिक है। ऐसे में लोगों को सलाह दी जाती है कि वे मौसम की ताजा जानकारी पर नजर बनाए रखें और सुरक्षित रहें।
बादल, गर्मी और बारिश
बीते गुरुवार को मध्यप्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाए रहे, जबकि कुछ स्थानों पर तेज गर्मी का प्रभाव देखा गया। दमोह और शिवपुरी दिनभर सबसे गर्म रहे, जहां का तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। टीकमगढ़-पृथ्वीपुर में तापमान 43.5 डिग्री, गुना, सागर और नर्मदापुरम में 43.2 डिग्री रहा। छतरपुर के बिजावर में 43.1 डिग्री, राजगढ़ में 43 डिग्री, और अशोकनगर में तापमान 42.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सागर में शाम को बारिश की जानकारी मिली है जो लोगों के लिए राहत का कारण बनी।
प्रमुख शहरों का तापमान
जानकारी के अनुसार भोपाल, ग्वालियर और इंदौर जैसे प्रमुख शहरों में भी गुरुवार को तापमान में उछाल देखने को मिला है। राजधानी भोपाल का तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि इंदौर में यह 39.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा। ग्वालियर में तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस, जबलपुर में 41.5 डिग्री सेल्सियस और उज्जैन में 41.4 डिग्री सेल्सियस रहा। इन शहरों में गर्मी का असर खासतौर पर महसूस किया गया है।
मौसम के पीछे का कारण
मौसम जानकारों की माने तो प्रदेश में चल रही आंधी और बारिश का दौर पश्चिमी विक्षोभ, साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ लाइन गुजरने के कारण हो रहा है। ये मौसम प्रणाली राज्य के विभिन्न हिस्सों में गर्मी और बारिश का कारण बन रही हैं। मौसम विभाग की माने तो आगामी दिनों में भी ऐसा ही मौसम बने रहने की संभावना व्यक्त की जा रही है।
समय पर आ सकता है मानसून
मौसम विभाग के अनुसार, मानसून अपनी सामान्य गति से आगे बढ़ रहा है और इसके समय पर मध्यप्रदेश पहुंचने की संभावना है। मानसून के आगमन से पहले प्रदेश में बदलते मौसम के कारण कई स्थानों पर लोगों को गर्मी और बारिश दोनों का अनुभव हो रहा है। मानसून के आने से पहले मौसम का यह मिश्रण प्रदेश के लोगों के लिए चिंता और राहत दोनों का कारण बन रहा है।
0 टिप्पणियाँ